अक्सर आपने देखा होगा कि जब भी हम कुछ विशेष चीजों की गंध सूंघते हें तो हम शांत, हल्का और उदासीन भाव महसूस करते हैं। यह गंध किसी की भी हो सकती है, बचपन में पढ़ी जाने वाली कोई कॉमिक्स, किताब, पीले पड़ चुके पन्नों के बीच रखा सूखा गुलाब, कोई खास खुश्बू वाला साबुन, क्रीम या साबुन जो लंबे समय से परिवार के किसी सदस्य या किसी प्रियजन की याद दिलाता हो। एक विशेष तेल की गंध हो सकती है जिसका आपके बचपन के साथ संबंध है। वैकल्पिक रूप से यह कोई नई सुगंध भी हो सकती है जिसे सूंघने पर हमें दिली सुकून का अहसास हो सकता है।
खुश्बू करती तनाव दूर
वैज्ञानिक कहते हैं कि खुशबू में मन को नियंत्रित करने और तनावपूर्ण विचारों को दूर करने की गजब की शक्ति होती है। यही कारण है कि अरोमाथैरेपी (Aromatherepy) पुराने दौर से ही इतनी हिट है और अब स्पा सेंटर भी इस पर जोर देने लगे हैं। शरीर को आराम देने के अलावा यह दिनभर की थकान और तनाव से भी आराम देती है। अपनी पसंदीदा खुश्बू सूंघने से हमें मानसिक रूप से रिलैक्स करने में मदद करती है। कोरोना काल में लगे लॉकडाउन 80 के दशक में पैदा हुए युवाओं के लिए विशेष रूप से मुश्किलों से भरा दौर रहा है। यही कारण है कि विशेषज्ञ इस बात पर जोर दे रहे हें कि तनाव और चिंता की इस घड़ी में किसी भी चीज से अधिक हमें अपने मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान देना चाहिए। खुश्बू इसमें एक अहम रोल निभा सकती हैं।
अच्छी नींद के लिए कारगर
जब हम कोई पुरानी जानी-पहचानी या अच्छी सुगंध महसूस करते हैं तो यह हमारी नाक में मौजूद घ्राण इंन्द्रियों (Olfactory Senses) को उत्तेजित कर देता है। जो हमारे दिमाग को आराम करने का संदेश भेजती हैं और हमारा शरीर ढीला पडऩे लगता है। इसलिए, अगर आपको अनिद्रा, कम नींद आना या बार-बार आंख खुलने की समस्या है तो खुश्बू इस परेशानी को दूर करने में रामबाण का काम कर सकती है। यह इंद्रियों को पंप करने, नसों को शांत करने और नींद में सुधार करने के लिए कारगर और खुश्बूदार उपाय है।
अलग खुश्बू के अलग फायदे
रात में अच्छी नींद के लिए अपने शयनकक्ष में इन खुश्बुओं का उपयोग कर सकते हैं-
लैवेंडर का पौधा: इसकी खुश्बू मन को शांत करने का काम करती है। इसकी खुश्बू चिंताओं को कम करने और तंत्रिका तंत्र को धीमा कर मन एवं शरीर को आराम देने में मदद करती है। इसे उपयोग करने का सबसे अच्छा तरीका यह होगा कि आप बिस्तर पर जाने से पहले आराम से मालिश के लिए तेल का उपयोग करें।
चमेली: अपनी मीठी-मीठी महक के लिए पहचानी जाने वाली चमेली एक पसंदीदा खुश्बू है। यह अपनी नींद लाने वाले अपने खास गुणों के लिए भी जानी जाती है। लैवेंडर की तरह चमेली भी तेल के रूप में मिलती है और इसे सिर पर लगाया जा सकता है। या बिना किसी विघ्न के स्वस्थ नींद के लिए इसे सूंघा भी जा सकता है।

from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2N8ZoqK
No comments:
Post a Comment